पन्ना, जीतेन्द्र रजक। जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने हाल ही में हुई अतिवृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया।


विधायक डॉ. वर्मा ने मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर किसानों को शीघ्र राहत और मुआवजा दिलाने की मांग रखी। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मौके पर ही पन्ना कलेक्टर को तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराने और मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद किसानों ने खुशी जताते हुए जोरदार तालियों से स्वागत किया।


बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन पार्क के सामने स्थित सब्जी मंडी परिसर में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। महोत्सव के दौरान किसान मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें कृषि से संबंधित विभिन्न जानकारियां और गतिविधियां किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं।