छतरपुर, संजय अवस्थी। छतरपुर जिले के प्रभारी मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने जिले के प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में एक उच्चस्तरीय बैठक ली। इस बैठक में कोर ग्रुप की कार्यप्रणाली, आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों तथा 'मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर' की प्रगति और क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में छतरपुर विधायक ललिता यादव, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला 'बबलू', चंदला विधायक अरविंद पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री के अलावा छतरपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिला पंचायत सीईओ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रभारी मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना ने बताया कि आज कोर ग्रुप और तिरंगा यात्रा को लेकर मुख्य रूप से चर्चा की गई। काफी समय से जिला प्रवास न हो पाने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक भी रखी गई थी। प्रभारी मंत्री ने जिले के प्रशासनिक माहौल पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि छतरपुर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहुत बेहतरीन सामंजस्य देखने को मिल रहा है। जिले में सभी विकास कार्य और प्रशासनिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।


प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जितनी भी जनकल्याणकारी योजनाएं हैं, उन्हें अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए जिले के सभी अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर काम कर रहे हैं। जब पत्रकारों ने कोर ग्रुप की बैठक में दिए गए विशेष निर्देशों के बारे में सवाल पूछा, तो मंत्री जी ने सहज अंदाज में जवाब दिया कि कोर ग्रुप की बैठकों का मुख्य उद्देश्य सांगठनिक समन्वय और विकास कार्यों की दिशा तय करना होता है, जिस पर सभी वरिष्ठ साथियों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है।