बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह बुंदेला। नवनियुक्त राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेखा यादव के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। नगर में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। युवा नेता मयंक डेवडिया ने अपने प्रतिष्ठान पर रेखा यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं मौजूद रहीं। विशेष रूप से मौसमी फलों से रेखा यादव का तुलादान किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। उपस्थित लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।


वहीं राघव राजा ने भी अपने निवास पर समर्थकों के साथ भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की गई तथा शॉल और श्रीफल भेंट कर रेखा यादव का सम्मान किया गया। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और प्रदेश में महिलाओं के हित में प्रभावी कार्य करने की उम्मीद व्यक्त की। अपने स्वागत से अभिभूत रेखा यादव ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य महिला आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आयोग सदैव तत्पर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।