जबलपुर, अनुराग शुक्ला। सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन दिनों देशभर में श्री हनुमान चालीसा पाठ और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में श्री बागेश्वर धाम जबलपुर शिष्य मंडल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बद्रीनाथ धाम में चल रही 21 दिवसीय साधना की सफलता, निर्विघ्न पूर्णता और राष्ट्र कल्याण की भावना को लेकर किया गया। शिष्य मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुदेव की साधना के दौरान देशभर में भक्तजन विभिन्न माध्यमों से प्रार्थना और आध्यात्मिक आयोजन कर रहे हैं।


जबलपुर के सनातन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और बच्चों ने सहभागिता की। मंदिर परिसर “जय श्री राम”, “जय बजरंगबली” और “जय बागेश्वर धाम” के जयघोषों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पंडित कपिल द्विवेदी ने संगीतमय श्री हनुमान चालीसा का पाठ कराया, जिसमें श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हुए। आयोजन में लकी भाटिया का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने युवाओं और बच्चों को सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व की जानकारी दी।


श्रद्धालुओं ने सामूहिक पाठ के दौरान गुरुदेव पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की साधना की सफलता, राष्ट्र की सुख-समृद्धि और समाज में शांति की कामना की। श्री बागेश्वर धाम जबलपुर शिष्य मंडल के श्याम मिश्रा और मीडिया प्रभारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ा जा सके और समाज में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण हो।