मुंबई। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने अपनी को-स्टार आम्रपाली दुबे के लिए खुलकर समर्थन जताया है। आम्रपाली दुबे इस समय टीवी के सबसे बड़े रियलिटी शो में से एक बिग बॉस 20 में हैं। निरहुआ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके आम्रपाली की जमकर तारीफ की और फैंस से उनके लिए वोट करने की अपील भी की।
निरहुआ ने वीडियो में कहा, "बिग बॉस में आम्रपाली क्या धुआंधार खेल रही हैं। उनका बेबाक अंदाज, उनकी बुद्धिमत्ता, उनकी सूझ-बूझ, उनका स्टाइल, सबकुछ ने लोगों को दीवाना बना दिया है। इतना बढ़िया खेल रही हैं कि हर कोई तारीफ कर रहा है।"
उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि आम्रपाली इस बार बिग बॉस की ट्रॉफी जीतकर ही आएंगी।
निरहुआ बोले, "हम सबको उम्मीद है कि वो बिग बॉस की ट्रॉफी जीत के आएं। वो पक्का जीतेंगी। सब लोग ये मान रहे हैं कि जितना बढ़िया खेल रही हैं, जितना धुआंधार खेल रही हैं, आम्रपाली एकदम से इस बार ट्रॉफी लेके ही आएंगी।"
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि निरहुआ और आम्रपाली भोजपुरी सिनेमा की सबसे हिट ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक मानी जाती है। आम्रपाली ने साल 2014 में फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' से भोजपुरी सिनेमा में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके हीरो निरहुआ ही थे। पहली ही फिल्म से दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों को इतनी पसंद आई कि उसके बाद दोनों ने एक के बाद एक कई सुपरहिट फिल्में दीं।
दोनों ने अब तक करीब 35 फिल्मों में एक साथ काम किया है। 'निरहुआ हिंदुस्तानी' के अलावा 'पटना से पाकिस्तान', 'बम बम बोल रहा है काशी', 'निरहुआ चलल लंदन' जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की।
ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की वजह से अक्सर दोनों के रिश्ते को लेकर भी अटकलें लगती रही हैं। कई बार अफवाह उड़ी कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि, निरहुआ और आम्रपाली दोनों ने ही इन अफवाहों को हमेशा खारिज किया है। आम्रपाली हमेशा निरहुआ को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताती हैं।
निरहुआ शादीशुदा हैं। उनकी पत्नी का नाम मनसा यादव है। एक पुराने इंटरव्यू में निरहुआ ने इन अफवाहों पर कहा था कि यह सब फैंस ने ही बना दिया है। उन्होंने साफ कहा था कि वह शादीशुदा हैं और उनके बच्चे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि आम्रपाली उनकी बहुत अच्छी दोस्त हैं और दोनों के बीच सिर्फ दोस्ती और प्रोफेशनल रिश्ता है।
इधर, बिग बॉस 20 के घर में भी आम्रपाली अपने दोस्त निरहुआ का जिक्र करती नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने साथी कंटेस्टेंट माही विज से बातचीत के दौरान निरहुआ की शादीशुदा जिंदगी पर बात की। माही ने जब उनसे पूछा कि क्या दिनेश की कभी गर्लफ्रेंड रही हैं, तो आम्रपाली ने हंसते हुए कहा कि “रही होंगी।”
उन्होंने निरहुआ का बचाव करते हुए कहा कि इसके बावजूद दिनेश अपनी पत्नी के साथ रहे। उन्होंने यह भी बताया कि दिनेश की शादी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले ही तय हो गई थी।
इससे पहले एक और बातचीत में आम्रपाली ने साथी कंटेस्टेंट लव गिल से कहा था कि निरहुआ के साथ उनकी दोस्ती इतनी गहरी और सहज है कि वे बिना बोले ही एक-दूसरे को समझ जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें कपल समझ लेते हैं, जबकि दिनेश खुद उन्हें शादी करने के लिए कहते रहते हैं।















