सतना/मुंबई। पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता के क्षेत्र में सतना के छात्र नीतीश वंशकार ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के ओजोन सेल द्वारा 32वें विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आयोजित ऑनलाइन राष्ट्रीय पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 के कक्षा 12वीं कला संकाय के छात्र नीतीश वंशकार ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा मुंबई के प्रभादेवी स्थित पी.एल. देशपांडे ऑडिटोरियम (रविंद्र नाट्य मंदिर) में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में की गई। समारोह में संयुक्त राष्ट्र (UN), संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) तथा केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे। नीतीश ने अपने मार्गदर्शक शिक्षक एवं जिला मास्टर ट्रेनर (इको क्लब) मोहित गर्ग के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की।
नीतीश द्वारा तैयार स्लोगन “ODS और HFCs का घटे प्रहार, ओजोन सुरक्षित, सुरक्षित संसार” को निर्णायकों ने सराहा। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। प्राचार्य एवं शिक्षकगण ने नीतीश को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षक मोहित गर्ग ने कहा कि नीतीश की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेगी।




