सतना, अंबिका केशरी। शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने सतना नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़कों, दूषित पेयजल आपूर्ति, जलभराव, इलेक्ट्रिक बस सेवा और धवारी क्रिकेट स्टेडियम को खिलाड़ियों के लिए खोलने की मांग को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम परिसर में सीएसपी, थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मानसून की शुरुआत के साथ ही शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश में भी कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने आरोप लगाया कि शहर के कई वार्डों में पिछले कुछ समय से दूषित एवं मटमैले पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है।
ज्ञापन में शहर की इलेक्ट्रिक बस सेवा को शीघ्र पूर्ण क्षमता के साथ शुरू करने की भी मांग की गई। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि इससे आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। साथ ही धवारी स्थित क्रिकेट स्टेडियम को स्थानीय खिलाड़ियों के लिए नियमित रूप से खोलने और वहां आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर के भीतर प्रवेश करने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोकझोंक और हल्की झूमाझटकी भी हुई। हालांकि अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई और कानून-व्यवस्था बनी रही।
एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की, तो संगठन चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करेगा। वहीं, निगम अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर सड़क मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और स्टेडियम से जुड़े मुद्दों पर संबंधित विभागों के साथ चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




