नई दिल्ली, 13 मई । उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र (सीडैक) ने प्रोजेक्ट मैनेजमेंट (जे2ईई डोमेन) कार्यक्षेत्र में प्रोजेक्ट मैनेजर के 5 और जे2ईई डेवलपर कार्यक्षेत्र में सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर के 10 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है। सीडैक की ओर से जारी इन पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सीटीसी प्रति वर्ष पद अनुसार 10.11 से 17.52 लाख रुपए के बीच होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास प्रथम श्रेणी में बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री, या विज्ञान/कंप्यूटर अनुप्रयोग या संबंधित क्षेत्र में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातकोत्तर डिग्री, या एमई/एमटेक या समकक्ष डिग्री, या पीएचडी प्रासंगिक अनुशासन में होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास पद अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में 4 से 9 वर्षों का अनुभव होना अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु प्रोजेक्ट मैनेजर पद के लिए 56 वर्ष और सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर पद के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू प्रोजेक्ट मैनेजर पद के लिए 23 मई को और सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर पद के लिए 30 मई को 'प्रगत संगणन विकास केंद्र (सी-डैक), एकेडमिक ब्लॉक, बी-30, संस्थान क्षेत्र, ब्लॉक-बी, सेक्टर 62, नोएडा, उत्तर प्रदेश – 201309 (निकटतम मेट्रो स्टेशन – नोएडा सेक्टर 62)' पते पर आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले इंटरव्यू के दिन ही केंद्र पर केवल सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक इंटरव्यू में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरा हुआ आवेदन पत्र (जिस पर हाल ही का पासपोर्ट आकार का फोटो चिपका हो), आयु, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, जाति आदि के मूल कॉपी के साथ उनके प्रिंट आउट को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है। उम्मीदवार आवेदन पत्र सीडैक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।