बालाघाट, आशीष भगत। लालबर्रा मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम खमरिया में 24 वर्षीय खुशबू डहरवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। 5 अगस्त की सुबह खुशबू का शव डोंगरगांव नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।
घटना के बाद 6 अगस्त को परिजनों और ग्रामीणों ने खुशबू का शव खमरिया मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाए जाने की भी मांग उठाई।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही लालबर्रा पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि खुशबू की मौत की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जाए और मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने खुशबू डहरवाल को न्याय दिलाने की मांग की है।




