बेलमोपान, 13 मई । विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, जो इस समय कैरेबियन क्षेत्र के दौरे पर हैं, होंडुरास का दौरा पूरा करने के बाद बुधवार को बेलीज पहुंचे।उन्होंने राजधानी बेलमोपान पहुंचने के बाद सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर लिखा, “मैं अपने पहले आधिकारिक दौरे पर इस महान कैरेबियाई देश बेलीज पहुंचकर बहुत खुश हूं। गर्मजोशी से स्वागत के लिए बेलीज सरकार का धन्यवाद। मैं एक उपयोगी और सफल यात्रा की उम्मीद कर रहा हूं।”

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इस यात्रा के दौरान मार्गेरिटा बेलीज सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और भारत की विकास परियोजनाओं से जुड़े स्थानों का भी दौरा करेंगे।

इससे पहले होंडुरास का दौरा पूरा करने के बाद मार्गेरिटा बेलीज पहुंचे।

होंडुरास यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों और इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन (आईटीईसी) के पूर्व छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने भारत और होंडुरास के रिश्तों को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने मंगलवार को होंडुरास की विदेश मंत्री मिरेया अगुएरो से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के रिश्तों में हो रही प्रगति की समीक्षा की और संस्थागत सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस मुलाकात के बाद मार्गेरिटा ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, “होंडुरास की विदेश मंत्री मिरेया अगुएरो से मिलकर खुशी हुई। हमने द्विपक्षीय संबंधों में हो रही लगातार प्रगति पर चर्चा की और संस्थागत सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई।”

उन्होंने होंडुरास की पहली उपराष्ट्रपति मारिया एंटोनिएटा मेजिया से भी मुलाकात की और दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।

इस मुलाकात के बारे में उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, “होंडुरास की प्रथम उपराष्ट्रपति मारिया एंटोनिएटा मेजिया से मिलकर अच्छा लगा। हमने कई मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से जुड़े थे।”

इसके अलावा, उन्होंने होंडुरास के संस्कृति, कला और विरासत सचिव यासेर हंडाल कारकामो से भी मुलाकात की और कला, योग, वेलनेस, सिनेमा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।