टीकमगढ़/पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर अपनी लंबित मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। तहसील पलेरा परिसर में पटवारियों ने एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।


आंदोलन के तीसरे दिन तहसील पलेरा अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने धरना स्थल पर पहुंचकर पटवारियों के आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया। तहसील पलेरा पटवारी संघ के अध्यक्ष सुनील अहिरवार ने अधिवक्ता संघ के साथ क्षेत्र के किसानों और सरपंचों से मिल रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।


पटवारी संघ के अनुसार शासन ने पूर्व में संघ की दो मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया है, जिसका संघ ने स्वागत किया है। हालांकि कैडर रिव्यू, पदोन्नति, समयमान वेतनमान सहित अन्य लंबित मांगों का समाधान अभी बाकी है। संघ का कहना है कि सभी लंबित मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


पटवारियों की कलमबंद हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, फसल गिरदावरी सहित विभिन्न राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे तहसील पहुंचने वाले किसानों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं, लेकिन अब तक संतोषजनक समाधान नहीं निकला है।


धरना-प्रदर्शन में कालीचरण अहिरवार, मनमोहन तिवारी, धर्मदास सौर, राहुल सेन, सौरभ तिवारी, ऋषभ साहू, नीतेश कोली, प्रवीण चौधरी, अजीत जैन, मनीष खरे, मुकेश कुशवाहा, इसरार खान, अवधेश दुबे, रवि यादव, नरेंद्र पटेल, किशोरी अहिरवार, मुकुल चंदेल, दीपक मिश्रा, रूपक, वैभव, रामप्रीत सिंह, मोहित अहिरवार, विष्णु चंदेल और जितेंद्र साहू सहित तहसील पलेरा के समस्त पटवारी मौजूद रहे।