भोपाल, जीतेन्द्र यादव। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की भूमिका उसी दिन तैयार हो गई थी, जब प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने की बात कही थी।
पीसी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले समय में सरकार यह आदेश भी दे सकती है कि लोग रात में जागें और दिन में सोएं, ताकि डीजल-पेट्रोल की खपत कम हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की नौटंकी अभी और देखने को मिलेगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पहले महंगाई दर 8.3 प्रतिशत बढ़ी थी और अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई और अधिक बढ़ेगी।
भिंड जिले में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष पर हुई कार्रवाई को लेकर भी पीसी शर्मा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल किसान मोर्चा अध्यक्ष पर कार्रवाई करने से कुछ नहीं होगा। भाजपा ने वहां सिर्फ “एक कौआ टांग दिया है” ताकि यह दिखाया जा सके कि कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में कार्रवाई करनी है तो उस व्यक्ति पर होनी चाहिए जो 500 गाड़ियों का काफिला लेकर आया था।
वहीं देवास में हुई पटाखा फैक्ट्री विस्फोट घटना को लेकर भी पूर्व मंत्री ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की फैक्ट्री है, उसका स्वागत किया जा रहा है, जबकि उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी। शर्मा ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।




