पन्ना। पन्ना जिले के अमानगंज क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक गोदाम में सामान लोड कराने पहुँचे पिकअप चालक की ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरा खौफनाक हादसा गोदाम में लगे CCTV (सीसीटीवी) कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान ग्राम मझगवां कलिंजर निवासी रवि सिंह ठाकुर के रूप में हुई है, जो उमा साहू की पिकअप गाड़ी चलाता था। जानकारी के अनुसार, रवि सिंह बुधवार शाम अमानगंज स्थित हरिओम असाटी के गोदाम पर सामान लोड करने पहुँचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी को गोदाम के पीछे खड़ा करते समय रवि के हाथ में एक लंबा लोहे का पाइप था।

जैसे ही उसने पाइप को ऊपर उठाया, वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। पाइप के छूते ही तेज चिंगारी उठी और चंद सेकंड में पूरा करंट चालक के शरीर में दौड़ गया। झटका इतना तीव्र था कि रवि को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद गोदाम परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल रवि सिंह को अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


CCTV फुटेज में दिखी मौत की चिंगारी

घटना का जो CCTV फुटेज सामने आया है, उसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि चालक सामान संभालते समय जैसे ही लोहे का पाइप ऊपर उठाता है, वह हाईटेंशन तार से स्पर्श हो जाता है। इसके बाद एक तेज नीली चमक और चिंगारी उठती है तथा चालक अचेत होकर तुरंत जमीन पर गिर पड़ता है। मृतक के भाई भारत सिंह ठाकुर की सूचना व शिकायत पर अमानगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि व्यावसायिक गोदाम परिसर के ठीक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संबंध में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।


बड़ा सवाल: व्यावसायिक गोदाम के ऊपर बिना सुरक्षा के कैसे दौड़ रहा था हाईटेंशन करंट?

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं कि जहाँ रोजाना भारी वाहनों से सामान की लोडिंग और अनलोडिंग होती है, वहाँ हाईटेंशन लाइन के नीचे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई थी? नागरिकों का कहना है कि यदि बिजली विभाग या गोदाम मालिक द्वारा चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा घेरा बनाया गया होता, तो इस मासूम युवक की जान बच सकती थी। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त जांच कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।