मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत मंदसौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध MD ड्रग्स निर्माण स्थल का भंडाफोड़ किया है। थाना गरोठ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पावटी स्थित एक खेत में बने बाड़े पर दबिश देकर 173 ग्राम अवैध MD ड्रग्स और 24.5 किलो से अधिक ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले रसायन बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से रणजीत सिंह पिता पर्वतसिंह सोंधिया राजपूत (30 वर्ष), निवासी ग्राम पावटी तथा ईश्वर सिंह पिता सोदानसिंह सोंधिया राजपूत (37 वर्ष), निवासी ग्राम ढाकनी को गिरफ्तार किया। मामले में कुल छह आरोपियों को नामजद किया गया है।


पुलिस ने मौके से 173 ग्राम MD ड्रग्स (कीमत 1.73 लाख रुपये), 12.750 किलो हाइड्रोक्लोरिक एसिड, 6.460 किलो MMA केमिकल, 5.360 किलो MDC केमिकल, एक सफेद वेन्यू कार (MP14-ZE-2197), एक सफेद स्विफ्ट कार (MP14-CC-4035) तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों और मोबाइल सहित बरामद सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत पुलिस जहां आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है, वहीं नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरोठ पुलिस की यह कार्रवाई नशा मुक्त मंदसौर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।