इंदौर, रविकांत वर्मा। कनाड़िया थाना क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये की विवादित जमीन को लेकर पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 22 जून की रात डायमंड कॉलोनी में हुई थी, जब जमीन विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 के आरक्षक विजयपाल सिकरवार और आशीष शर्मा मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने दोनों पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों जवान घायल हो गए थे।
घटना के बाद कनाड़िया थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों की पहचान करते हुए पुलिस ने मोहसिन, मोहम्मद अफजल शेख, दर्शन कचनारे और चंदन वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चारों आरोपियों की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले हवालात में रखा है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों का रिमांड लेकर यह पता लगाया जाएगा कि पुलिसकर्मियों पर हमले की साजिश किसने रची, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा विवादित जमीन पर कब्जे के पीछे किसका हाथ था। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवादित जमीन को लेकर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है ताकि हमले के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

