छतरपुर, संजय अवस्थी। पीडि़त मानवता की सेवा के उद्देश्य से मिशन रोशनी के तहत नगर के प्रसिद्ध प्राचीन हनुमान टोरिया मंदिर परिसर में रविवार को निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर समाजसेवी अखिलेश असाटी के पुत्र सार्थक असाटी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नेत्र रोगियों ने लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ समाजसेवी अखिलेश असाटी ने भगवान हनुमान के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट से आए नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अरविंद मिश्रा एवं डॉ. प्रदीप मिश्रा ने कुल 310 मरीजों की नेत्र जांच की। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयों एवं चश्मों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीडि़त 60 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। सभी मरीजों को निशुल्क बस के माध्यम से उसी दिन चित्रकूट भेजा गया, जहां उनका नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। हनुमान टोरिया सेवा समिति के गिरजा पाटकर ने बताया कि यह सेवा अभियान के 16वें वर्ष का सातवां नेत्र शिविर था। शिविर के सफल आयोजन पर समिति ने सहयोगी अखिलेश असाटी एवं उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।




