छतरपुर। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के 13 अमृत भारत स्टेशनों को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिनमें उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के भिण्ड, हरपालपुर, टीकमगढ़ तथा महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन शामिल हैं। संबंधित स्टेशनों पर जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों एवं आमजन की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित होगा।


अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों का व्यापक कायाकल्प किया गया है। पुनर्विकास कार्य केवल भवनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इन्हें आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-केंद्रित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। स्टेशनों पर आकर्षक भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र, पार्किंग, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, लो-हाइट टिकट काउंटर और दिव्यांग अनुकूल शौचालय जैसी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी गई है।


स्टेशन विकास कार्यों पर भिण्ड रेलवे स्टेशन के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये, हरपालपुर स्टेशन पर 11.74 करोड़ रुपये, टीकमगढ़ स्टेशन पर 16.77 करोड़ रुपये तथा महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर 16.78 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। स्टेशन भवनों के स्वरूप में स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय विरासत की झलक भी शामिल की गई है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय पहचान का अनुभव भी होगा।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से बुंदेलखंड और चंबल क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर रेलवे अवसंरचना से व्यापार, कृषि, पर्यटन, रोजगार तथा क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण यात्रा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की भविष्य उन्मुख सोच का प्रतीक है, जिसके तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।