छतरपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जिले के गांव-गांव और कस्बों में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और उनके निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बुधवार रात नौगांव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लुगासी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल में लुगासी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से अपनी समस्याओं को लेकर सीधा संवाद किया। हालांकि कुछ ग्रामीणों में कलेक्टर की अनुपस्थिति को लेकर मायूसी भी दिखाई दी और कई लोग बिना आवेदन दिए ही वापस लौट गए।
जन चौपाल में अधिकारियों के पास कुल 45 आवेदन पहुंचे, जिनमें राशन पर्ची, वृद्धा पेंशन, बिजली और राजस्व संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। शिविर के दौरान छह लोगों की वृद्धा पेंशन स्वीकृत की गई, वहीं चार नामांतरण प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नौगांव एसडीएम जीएस पटेल, सीईओ प्रभात राज घनघोरिया, नायब तहसीलदार प्रदीप लोधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




