विदिशा। विदिशा के पूर्व अपर कलेक्टर और 2019 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी अनिल कुमार डामोर का मंगलवार सुबह दिल का दौरा पड़ने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। सुबह अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें आनन-फानन में अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसी महीने हुआ था भोपाल तबादला, नई जिम्मेदारी संभालने की थी तैयारी
अनिल कुमार डामोर विदिशा में अपर कलेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। हाल ही में चालू महीने में राज्य शासन द्वारा जारी तबादला सूची के तहत उनका स्थानांतरण पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल में उप सचिव के पद पर हुआ था। वे विदिशा से कार्यमुक्त होकर नई पदस्थापना पर जिम्मेदारी संभालने की तैयारी में लगे थे, इसी बीच यह दुखद घटना घट गई।
झाबुआ के रहने वाले थे IAS डामोर, सहकर्मियों में पसरा मातम
मूल रूप से मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के रहने वाले अनिल कुमार डामोर अपने पीछे पत्नी, एक बेटा (11वीं कक्षा का छात्र) और एक बेटी का हंसता-खेलता परिवार छोड़ गए हैं। निधन की खबर फैलते ही विदिशा और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई: खबर मिलते ही बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिचित मेडिकल कॉलेज पहुंचने लगे। सहकर्मियों ने बताया कि वे बेहद हंसमुख, मिलनसार और सरल स्वभाव के अधिकारी थे। उनके व्यवहार में कभी पदीय औपचारिकता नहीं दिखती थी, जिससे वे सभी के प्रिय थे।
मेडिकल कॉलेज में दिवंगत अधिकारी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंपी जाएगी।




