दमोह/हटा, सुदीप नगरिया। हटा ब्लॉक के आदिवासी अंचल स्थित पाटन गांव में लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला घर के अंदर सो रही थी। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और मलबे की चपेट में आने से मझली बहू गंभीर रूप से घायल हो गई।


हादसे के बाद परिजनों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन गांव और मुख्य मार्ग के बीच नाला उफान पर होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में परिजनों ने ट्रैक्टर की मदद से घायल महिला को नाला पार कराया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।


मडियादो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला का प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हटा सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।