मुंबई। फिल्मों की दुनिया में कुछ शहर ऐसे होते हैं, जिनसे कलाकारों का रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं रहता। उन शहरों से जुड़ी यादें, दोस्ती और वहां बिताया हुआ वक्त लंबे समय तक दिल में बना रहता है। दिग्गज अभिनेता राज बब्बर के लिए कोलकाता भी ऐसा ही शहर है। दरअसल, राज बब्बर हाल ही में कोलकाता पहुंचे, जहां उन्होंने पुराने दोस्तों और बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर की बारिश, माहौल और उसकी खास ऊर्जा का भी आनंद लिया।
कोलकाता लौटने की खुशी राज बब्बर ने सोशल मीडिया के जरिए जाहिर की और बताया कि यह शहर हमेशा उनके दिल में खास जगह रखेगा।
राज बब्बर ने इंस्टाग्राम पर कोलकाता पहुंचने का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह कार से सफर करते नजर आए। रास्ते में उन्होंने बारिश का आनंद लिया। इसके बाद जब वह होटल पहुंचे तो वहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपने पोस्ट में राज बब्बर ने कोलकाता को 'सिटी ऑफ जॉय' बताते हुए लिखा, ''यह शहर मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगा। शहर की गर्मजोशी, खूबसूरती और यहां की कला, सिनेमा और साहित्य की समृद्ध विरासत है। इस बार कोलकाता में रुकना इसलिए भी खास रहा, क्योंकि मुझे पुराने दोस्तों और बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों से दोबारा मिलने का मौका मिला। फिलहाल मैं कोलकाता की वाइब और यहां के अलग अंदाज को महसूस कर रहा हूं।''
राज बब्बर का कोलकाता और बंगाली सिनेमा से रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने साल 1992 में आई पारिवारिक फिल्म 'अनुताप' के जरिए बंगाली सिनेमा में भी कदम रखा था। इसके बाद से ही उनका बंगाली फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ाव बना रहा।
कई दशकों के दौरान राज बब्बर की बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकारों के साथ अच्छी दोस्ती हुई। उनके करीबियों में देबाश्री रॉय, मिथुन चक्रवर्ती, रितुपर्णा सेनगुप्ता, प्रोसेनजीत चटर्जी और फिल्ममेकर स्वपन साहा जैसे कई जाने-माने नाम शामिल हैं।












