नई दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, आईआईटी-दिल्ली ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में संविदा के आधार पर रिसर्च एसोसिएट सहित कुल 9 पदों पर भर्ती की घोषणा एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है। आईआईटी-दिल्ली की ओर से जारी 9 रिक्तियों में रिसर्च एसोसिएट (II) के 2, रिसर्च एसोसिएट (I) के 3 और जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल) के 4 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पोस्ट पर नियुक्त होने की इच्छा रखते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से रिसर्च एसोसिएट पदों के लिए पीएचडी/एमडी/एमएस/एमडीएस या इसके बराबर की डिग्री के साथ ही रिसर्च, टीचिंग और डिजाइन व डेवलपमेंट का 3 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

वहीं, जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल) के लिए संबंधित विषय में तीन वर्ष का डिप्लोमा/ग्रेजुएट डिग्री या संबंधित ट्रेड में आईटीआई (2 वर्ष का कोर्स) और 6 वर्ष का संबंधित काम का अनुभव होना भी जरूरी है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी रिसर्च एसोसिएट पदों के लिए 58,000 से 61,000 रुपए और जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल) के लिए 29,290 से 38,220 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार आईआईटी-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पदों के लिए जारी एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में अधिसूचना में दिए गए ऑफिशियल ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर मेल कर दें।