पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। खरीफ सीजन के बीच क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गुनौर कृषि उपज मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र पर किसानों को व्यवस्थित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खाद उपलब्ध कराई जा रही है। किसान आधार कार्ड और जमीन से संबंधित दस्तावेज लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं, जहां सत्यापन के बाद उन्हें निर्धारित मात्रा में खाद दी जा रही है।


खाद वितरण केंद्र पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके चलते किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाते हुए समय पर खाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान केंद्र पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद प्राप्त कर रहे हैं।


खाद गोदाम प्रभारी लोकेंद्र पटेल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आधार कार्ड और भूमि संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किसानों को खाद वितरित की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि खाद लेने के लिए केंद्र आते समय आधार कार्ड के साथ खसरा या अन्य आवश्यक भूमि अभिलेख जरूर लेकर आएं, ताकि सत्यापन और वितरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।


गोदाम प्रभारी के मुताबिक वर्तमान में खाद वितरण नियमित रूप से जारी है और उपलब्ध स्टॉक के अनुसार किसानों को खाद दी जा रही है। समय पर खाद मिलने से खरीफ फसलों की तैयारी और खेती-किसानी के काम में जुटे क्षेत्र के किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है।