छतरपुर, संजय अवस्थी। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। जिला पंचायत कार्यालय के सामने मेला ग्राउंड में पंडाल लगाकर पटवारी धरने पर बैठे हैं। पटवारियों के हड़ताल पर चले जाने से जिले में राजस्व से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम प्रभावित हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


हड़ताल के कारण नामांतरण, दाखिल-खारिज, सीमांकन, बंटवारा, आय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हैं। अपने लंबित प्रकरणों को लेकर लोग तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पटवारियों के काम पर नहीं होने के कारण कई मामलों में आगे की कार्रवाई नहीं हो पा रही है।


काम के सिलसिले में तहसील पहुंचे चन्द्रभान सिंह ने बताया कि उन्होंने बंटवारे के लिए आवेदन लगाया था और निर्धारित राशि भी जमा कर दी थी। इसके बाद प्रकरण में दूसरी पेशी लगाई गई, लेकिन आज संबंधित कर्मचारी नहीं मिलने से उनका काम नहीं हो सका।


बताया जा रहा है कि पटवारी समयमान वेतनमान, पदोन्नति सहित अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताल कब तक जारी रहेगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से राजस्व संबंधी काम कराने आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।