पटना, 13 मई । बिहार के दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में बुधवार को एक चाय दुकानदार की हत्या किए जाने को लेकर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने सरकार पर निशाना साधा। बताया जाता है कि दुकानदार श्रवण कुमार बुधवार को अपने दुकान जा रहा था, तभी हसन चौक दुर्गा मंदिर के पास बाइक सवार अपराधियों द्वारा एक महिला से चेन छिनने की घटना को अंजाम दिया जा रहा था।इसे देखकर दुकानदार बचाने के लिए वहां पहुंच गया। इसी दौरान अपराधियों ने चाय दुकानदार को गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना पाने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल और श्वान दस्ते की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जो भी लोग इसमें शामिल होंगे, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। इस बीच, राजद ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

राजद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "शर्म नहीं है इस भाजपा-जदयू सरकार में। बिहारवासी दिन काट रहे हैं भय और हाहाकार में।"

आगे लिखा गया कि दरभंगा में चेन स्नैचिंग का विरोध करने पर दिनदहाड़े चाय दुकानदार की हत्या कर दी गई। बिहार के अपराधियों में अब कानून का कोई डर नहीं है।

बता दें कि राजद के नेता बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार सियासी हमला बोल रहे हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपराधियों पर नकेल लगाने का दावा कर रहे हैं। वे अपराधियों को चेतावनी भी दे रहे हैं।