बालाघाट, रितेश सोनी । नगर मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 33 में कुमार फर्नीचर के पीछे स्थित पंवार ले-आउट में मुख्य सीसी रोड के किनारे कराए जा रहे पक्की नाली निर्माण को लेकर स्थानीय रहवासियों ने नाराजगी जताई है। वार्डवासियों का आरोप है कि अतिक्रमणकारियों की बाउंड्रीवॉल को बचाने के लिए नगर पालिका के ठेकेदार द्वारा नाली को सीधा बनाने के बजाय आड़ी-तिरछी और घुमावदार बनाया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई कई स्थानों पर काफी कम हो गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पंवार ले-आउट का मुख्य सीसी मार्ग करीब 30 फीट चौड़ा है, लेकिन नाली निर्माण के बाद कुछ स्थानों पर इसकी चौड़ाई महज 18 फीट तो कहीं 20 से 22 फीट रह गई है। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। खासतौर पर स्कूल के समय यहां जाम जैसी स्थिति बनने का दावा किया गया है। रहवासियों का कहना है कि नाली निर्माण के दौरान सड़क की मूल चौड़ाई और सुगम आवागमन का ध्यान रखा जाना चाहिए था।
मामले की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। वार्डवासियों की आपत्ति के बाद नाली निर्माण पर तत्काल रोक लगाए जाने की बात कही गई। साथ ही जिन स्थानों पर नाली के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो रही है, वहां बने हिस्से को तोड़कर सही तरीके से दोबारा निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया।
नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए। इस पर नगर पालिका उपाध्यक्ष ने ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए जाने की बात कही। रहवासियों ने मांग की है कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, लेकिन इसके लिए सड़क की चौड़ाई प्रभावित न हो। इसके साथ ही क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
वहीं वार्डवासियों ने पंवार ले-आउट की जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब 16 एकड़ भूमि में 120 भूखंड बेचे गए थे तथा मंगल भवन और गार्डन के लिए कुछ भूमि आरक्षित छोड़ी गई थी। रहवासियों का आरोप है कि अब उन्हें जानकारी मिल रही है कि आरक्षित बताई गई भूमि को भी बेच दिया गया है। हालांकि इस आरोप की संबंधित पक्ष अथवा प्रशासन की ओर से पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने इस मामले की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।




