टीकमगढ़/खरगापुर, सोनू विश्वकर्मा। थाना खरगापुर पुलिस ने दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से मारपीट कर आभूषण लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए चांदी के आभूषण, सोने का एक टॉप्स और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को वार्ड क्रमांक 01 जनकपुरी कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय रामप्यारी पत्नी प्यारेलाल लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 11:30 बजे दो अज्ञात आरोपी घर में घुसे और मारपीट कर सोने के दो टॉप्स, चांदी की पायल, चांदी का चूड़ा समेत करीब 30 हजार रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 252/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और पूछताछ के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का चूड़ा, सोने का एक कान का टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब दूसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बद्देलाल उर्फ चंदन शाक्य, चौकी प्रभारी डेरी संदीप सोनी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।




