छतरपुर, जावेद खान। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में चलती बस के अंदर सीट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना चंदला रोड स्थित विश्राम गृह के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चंदला की ओर जा रही बस में सीट पर बैठने को लेकर यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इस दौरान दो लोगों ने एक युवक को अकेला पाकर उसके साथ जमकर मारपीट कर दी।
बस कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

