सागर। शहर के तिली वार्ड अंतर्गत तिली तिराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर अचानक भारी मात्रा में पानी भर गया। जलभराव से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। बताया जा रहा है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से अचानक पानी बाहर निकल आया, जिससे मुख्य सड़क जलमग्न हो गई।


जलभराव के कारण तिली तिराहे से गुजरने वाले वाहन बीच सड़क पर ही रुक गए। चक्काजाम की वजह से स्कूली बच्चों की बसें, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।


घटना से नाराज क्षेत्रवासियों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए स्थानीय पार्षद पर क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से न लेने और विकास कार्यों की सही निगरानी न करने के आरोप लगाए। लोगों का कहना था कि स्मार्ट सिटी के नाम पर किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता का अभाव है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पहले भी इस स्थान पर पानी भरने की समस्या सामने आ चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि तिली तिराहे पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और स्मार्ट सिटी परियोजना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे