छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर पालिका परिषद नौगांव के सफाई मित्रों की विगत एक सप्ताह से जारी हड़ताल के कारण नगर की साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। नगर के विभिन्न वार्डों में कचरे के ढेर लगने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) आर.एस. अवस्थी ने हड़ताल पर चल रहे 28 स्थायी सफाई कर्मचारियों को अंतिम नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यदि सभी कर्मचारी सोमवार तक अपने कार्य पर वापस नहीं लौटते हैं, तो उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।


नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को हर हाल में सुचारु रखना प्राथमिकता है और जनता को होने वाली असुविधा को देखते हुए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं। अब सभी की निगाहें सोमवार पर टिकी हैं कि सफाई कर्मचारी काम पर लौटते हैं या प्रशासन उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करता है।।