सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट (कुडो) खिलाड़ी सोहेल खान ने खेल के मैदान में परचम लहराने के बाद मनोरंजन जगत के लोकप्रिय शो 'इंडिया के टॉप 1%' में अपनी तार्किक क्षमता और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन किया। स्टार प्लस (StarPlus) और जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर प्रसारित तथा प्रसिद्ध अभिनेता अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए जाने वाले इस शो में सोहेल ने देश के चुनिंदा 100 प्रतिभागियों के साथ मुकाबला किया।
'गोल्डन बॉय ऑफ एमपी' के नाम से प्रसिद्ध हैं सोहेल
खेल जगत में अपनी खास पहचान बनाने वाले सोहेल खान को 'Golden Boy of Madhya Pradesh and India' के नाम से जाना जाता है। उनकी प्रमुख उपलब्धियां: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीता। लगातार 23 बार राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने का शानदार रिकॉर्ड। भारत के सबसे तेज नॉकआउट्स में से एक का रिकॉर्ड भी सोहेल के नाम दर्ज है।
9वें सवाल पर थमा सफर, 8वें सवाल तक दी कड़ी चुनौती
लॉजिक और रीजनिंग पर आधारित इस कठिन प्रतियोगिता में सोहेल खान ने अपनी एकाग्रता और निर्णय क्षमता के दम पर शानदार शुरुआत की: इस शो में 100 प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं और हर सवाल के साथ कठिनाई बढ़ती जाती है। कुल 13 सवालों के सही जवाब देने वाले प्रतिभागी को 1 करोड़ रुपये की राशि मिलती है। सोहेल खान ने बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए 8वें सवाल तक का सफर सफलतापूर्वक तय किया। हालांकि, 9वें सवाल का सही उत्तर न दे पाने के कारण उनका सफर वहीं समाप्त हो गया।
"छोटे शहर से आकर यहां तक पहुंचना गर्व की बात": सोहेल खान
शो के अनुभव को साझा करते हुए सोहेल ने कहा कि खेल के मुकाबले यह उनके लिए बिल्कुल अलग तरह की चुनौती थी।उन्होंने कहा, "मैं एक छोटे शहर से आता हूं और अनिल कपूर जी के सामने इस शो का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास और गर्व का क्षण था।" सोहेल ने आगे कहा कि इस अनुभव ने उन्हें जीवन में और ऊंचे लक्ष्य हासिल करने का आत्मविश्वास दिया है तथा अभी उन्हें अपने करियर में कई नए मुकाम हासिल करने हैं।












