दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घायल युवक ने गांव के सरपंच और उसके साथियों पर धारदार हथियार से हमला कर हाथ काटने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले सरपंच के कहने पर गुमान सिंह अपनी कार लेकर विद्युत विभाग के दफ्तर गया था। रास्ते में दोनों के बीच पार्टी हुई, जिसके बाद कार मालिक ने कथित तौर पर सरपंच को कार चलाने के लिए दे दी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।


बताया जा रहा है कि कार की मरम्मत नहीं होने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुस्साए घायल गुमान सिंह ने सरपंच की गाड़ी का कांच तोड़ दिया था।


घायल गुमान सिंह का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आलमपुर बाईपास पर सरपंच और उसके साथियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसका हाथ काट दिया। घटना के बाद उसे तत्काल बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।


फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।