छतरपुर/नौगांव, पंकज यादव। जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नेगुआ में पदस्थ रोजगार सहायक सावित्री यादव को रोजगार सहायक संघ के महिला मोर्चा का छतरपुर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से जिले के रोजगार सहायकों में खुशी का माहौल है। नौगांव जनपद क्षेत्र के कर्मचारियों ने सावित्री यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 सितंबर 2026 को रोजगार सहायक महासंघ भोपाल के प्रदेश अध्यक्ष रोशन सिंह परमार, रीतेश तिवारी एवं जितेंद्र सिंह परमार की अनुशंसा पर सावित्री यादव को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। सावित्री यादव विगत कई वर्षों से रोजगार सहायक के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। वह मूल रूप से ग्राम लुगासी की निवासी हैं और वर्तमान में ग्राम पंचायत नेगुआ में पदस्थ हैं।
जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर उनसे उम्मीद जताई जा रही है कि वह महिला रोजगार सहायकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन के माध्यम से प्रभावी प्रयास करेंगी। साथ ही रोजगार सहायकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
सावित्री यादव की इस उपलब्धि पर नौगांव जनपद क्षेत्र के कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ रोजगार सहायकों के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उनकी नियुक्ति को महिला कर्मचारियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
















