मऊरानीपुर/झांसी। सोमवार को मऊरानीपुर उपजिलाधिकारी (SDM) मनोज कुमार ने ग्राम पंचायत धमनापायक में अचानक पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं और मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के साथ-साथ गांव की गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विद्यालय में खुद चखा मिड-डे मील का स्वाद
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनोज कुमार सबसे पहले शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचे: उन्होंने छात्रों की उपस्थिति रजिस्टर, कक्षाओं के संचालन, स्मार्ट बोर्ड और परिसर का मुआयना किया। मिड-डे मील की रसोई में पहुंचकर एसडीएम ने खुद भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता और पौष्टिकता को परखा। स्कूल के शौचालय और खेल के मैदान की व्यवस्थाएं व्यवस्थित और संतोषजनक पाई गईं।
गौशाला में मिली कमियां, दिए सख्त निर्देश
इसके बाद उपजिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत की गौशाला का रुख किया और वहां मौजूद गोवंशों की संख्या, भूसा, चारा और पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। स्थानीय किसानों ने शिकायत की कि गौशाला की तार फेंसिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण गोवंश बाहर निकलकर खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस पर एसडीएम ने फेंसिंग को तुरंत ठीक कराने का आदेश दिया। बारिश के कारण गौशाला परिसर में फैले कीचड़ को देखते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारी (BDO), ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान को गिट्टी, मिट्टी व मुरम डलवाकर परिसर को समतल व सूखा बनाने के निर्देश दिए।
एसडीएम मनोज कुमार ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि गोवंशों के भरण-पोषण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














