भिण्ड, अक्षय जोशी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से गुमशुदा 18 वर्षीय युवती रवीना बघेल की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने युवती के संबंध में सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम दिए जाने की जानकारी देते हुए आमजन से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार रवीना बघेल पुत्री सुधाकर बघेल, निवासी अशोक नगर भिण्ड, 12 मई 2026 को सुबह करीब 9 बजे शांति विहार कॉलोनी स्थित सैनिक स्कूल में पढ़ाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पिता सुधाकर सिंह बघेल ने सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक रवीना का रंग गोरा, कद करीब 4 फीट 8 इंच है और उसकी नाक पर तिल है। घर से निकलते समय वह हरे रंग का सूट, सफेद-काला दुपट्टा और काली चप्पल पहने हुए थी।
मामले में सिटी कोतवाली भिण्ड में अपराध क्रमांक 313/26, धारा 137(2) बीएनएस तथा गुमइंसान क्रमांक 38/26 दर्ज किया गया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रवीना बघेल के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच अधिकारी उप निरीक्षक अमित सिकरवार के मोबाइल नंबर 9617166558 अथवा सिटी कोतवाली टीआई मुकेश कुमार शाक्य के मोबाइल नंबर 9827380044 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार युवती के संबंध में सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।




