आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में ऑनर किलिंग (झूठी शान की खातिर हत्या) का एक और दहला देने वाला मामला सामने आया है। दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहने वाले एक पिता पर आरोप है कि उसने अपनी 18 वर्षीय अविवाहित और कथित गर्भवती बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा लाकर चंबल नदी में डुबोकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी ने नदी में बहते शव के पैर छुए और दिल्ली लौटकर खुद बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
युवती के गायब होने के बाद पिता लखपत ने दिल्ली के तिगड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस को परिजनों के बयानों पर संदेह हुआ। जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो पिता ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि 29 जुलाई को वह बेटी को दवा दिलाने के बहाने बासौनी (आगरा) लेकर आया था और अपने दामाद के साथ मिलकर उसे चंबल नदी में डुबो दिया।
गर्भपात और समाज के डर से उठाया खौफनाक कदम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 18 वर्षीय युवती अविवाहित थी और गर्भवती हो गई थी। इस बात से परिवार काफी आक्रोशित था और समाज के डर से पिता ने अपने दामाद के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची।
आरोपियों को लेकर आगरा पहुंची दिल्ली पुलिस, शव की तलाश जारी
घटना का खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी पिता और दामाद को रिमांड पर लेकर बासौनी के चंबल बीहड़ स्थित घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए लगभग 5 किलोमीटर का रास्ता घने बीहड़ों से होकर गुजरता है। बारिश के कारण वाहन जाना नामुमकिन है, जिससे पुलिस को पैदल ही जाना पड़ा। चंबल नदी में युवती के शव की तलाश के लिए पीएसी (PAC) के गोताखोरों की मदद ली जा रही है। बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को कड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
24 घंटे में ऑनर किलिंग का दूसरा मामला
आगरा में बीते 24 घंटे के भीतर कथित ऑनर किलिंग का यह दूसरा मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले पर आगरा पुलिस (डीसीपी पूर्वी) का कहना है कि चुकी मुख्य मामला और एफआईआर दिल्ली पुलिस का है, इसलिए पूरी आधिकारिक जानकारी दिल्ली पुलिस ही साझा करेगी। फिलहाल मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




