छतरपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 15 अगस्त से 15 सितंबर तक संचालित होने वाले महीने भर के विशेष अभियानों और कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा कर रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस अवधि के दौरान जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, सघन वृक्षारोपण और नशा मुक्ति अभियान शामिल रहेंगे।


कार्यक्रमों के सुचारू और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दायित्वों का भी बंटवारा किया गया। इसके तहत स्वास्थ्य शिविर की कमान डॉक्टर निधि रूसिया को सौंपी गई है, जबकि रक्तदान शिविर की जिम्मेदारी प्रियंका द्विवेदी संभालेंगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का प्रभारी डॉक्टर सुनील अग्रवाल, नशा मुक्ति अभियान का प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता और वृक्षारोपण अभियान का प्रभारी डॉक्टर अजीत जायसवाल को बनाया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रांत प्रतिनिधि राकेश शुक्ला राधे, महेश गिरी और रेड क्रॉस सचिव अनिरुद्ध सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों को गति देने और अभियानों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।