श्योपुर, उत्तम सिंह। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में पॉलिटेक्निक कॉलेज, बाईपास रोड श्योपुर में नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) वॉलंटियर्स का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। आपदा प्रबंधन मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में स्थानीय आपदा प्रबंधन एवं होमगार्ड विभाग द्वारा चयनित 100 वॉलंटियर्स को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट अश्विनी कुमार सूद के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर ब्रजमोहन नरवरिया, सब इंस्पेक्टर राहुल शर्मा एवं रेस्क्यू टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वॉलंटियर्स को बाढ़, भूकंप, आग, सड़क दुर्घटना, भवन दुर्घटना सहित विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के तरीके बताए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आग बुझाने की तकनीक, आपातकालीन संचार और भीड़ नियंत्रण सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अभ्यास कराया जा रहा है। मॉक ड्रिल के माध्यम से वॉलंटियर्स को आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने और रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। प्रशिक्षित वॉलंटियर्स प्रथम प्रतिक्रिया दल के रूप में प्रशासन, होमगार्ड, पुलिस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करेंगे। सात दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से वॉलंटियर्स को आपदा के समय सुरक्षित, अनुशासित और प्रभावी तरीके से जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है।












