चेन्नई, 6 मई । साउथ फिल्म इंडस्ट्री में क्राइम और थ्रिलर फिल्मों का चलन तेजी से बढ़ा है। दर्शक रहस्य और सस्पेंस से भरी कहानियों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब एक और बहुप्रतीक्षित मलयालम फिल्म 'ड्रिडम' रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। इस फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा थी और अब सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद इसका इंतजार और भी बढ़ गया है।दरअसल, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने इस फिल्म को 'यू/ए 16 प्लस' सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। इसका मतलब यह है कि 16 साल से ऊपर के दर्शक इस फिल्म को देख सकते हैं। फिल्म का निर्देशन मार्टिन जोसेफ ने किया है और इसमें अभिनेता शेन निगम मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं।
सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद अब यह फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ई4 एंटरटेनमेंट ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जानकारी साझा की। उन्होंने एक पोस्टर जारी करते हुए बताया कि फिल्म अब पूरी तरह तैयार है और जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है। इस घोषणा के बाद फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
फिल्म में शेन निगम एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर विजय राधाकृष्णन के किरदार में नजर आएंगे। यह किरदार एक ऐसे इंस्पेक्टर का है, जो अपने करियर की शुरुआत कर रहा है और पहली बार एक थाने की जिम्मेदारी संभालता है। शुरुआत में उसे एक ऐसे इलाके में पोस्टिंग मिलती है, जिसे शांत और अपराधमुक्त माना जाता है।
कहानी में मोड़ तब आता है जब एक दिन एक व्यक्ति का शव मिलता है। इस घटना के बाद मामला गंभीर हो जाता है और जांच की जिम्मेदारी विजय राधाकृष्णन पर आ जाती है। हालांकि, शुरुआत में उन्हें कोई ठोस सुराग नहीं मिलता, जिससे केस और उलझता चला जाता है। इसी बीच मीडिया का दबाव बढ़ने लगता है और उनके वरिष्ठ अधिकारी भी उन पर जल्दी केस सुलझाने का दबाव डालते हैं।
स्थिति तब और मुश्किल हो जाती है जब उन्हें सिर्फ एक हफ्ते के अंदर इस मामले को सुलझाने का समय दिया जाता है। अब कहानी इसी बात के इर्द-गिर्द घूमती है कि क्या शेन निगम का किरदार इस रहस्य को सुलझा पाएगा।

