खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राजनीतिक झटका लगा है। यहां एक दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, ओंकारेश्वर क्षेत्र में विभिन्न स्थानीय मुद्दों और जनसमस्याओं को लेकर असंतोष के चलते भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामने का निर्णय लिया। कांग्रेस ने इसे क्षेत्र में संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में पं. हितेष पुरोहित, विजयराज सोलंकी, गुड्डू भाई, कुंदन चौहान, कान्हा चावड़ा, संतोष, लक्ष्मण, मुकेश केवट, रवि केवट सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा और संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
इस घटनाक्रम को स्थानीय राजनीति में भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों से पहले अपने संगठनात्मक विस्तार के रूप में देख रही है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




