मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत नाहरगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो अवैध अफीम बरामद की है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त कर ली है।


पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से अवैध अफीम लेकर डीगांव-बसई मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालाजी मंदिर के सामने बेटीखेड़ी फंटे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक MP-14-ZH-6741 पर सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 4 किलो अवैध अफीम बरामद हुई।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पिता शंकरलाल ढोली (35 वर्ष), निवासी गरोठ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नाहरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 302/26 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि अवैध अफीम कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।