नई दिल्ली, पंकज यादव। देश भर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांगों को लेकर पिछले 27 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने अंततः अपना अनशन समाप्त कर दिया है। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती वांगचुक से मिलने गुरुवार देर रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह पहुंचे। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने सोनम वांगचुक को अपने हाथों से जूस पिलाकर उनका 27 दिनों से चला आ रहा कठिन अनशन तुड़वाया।


गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा के बाद मेदांता पहुंचे दोनों केंद्रीय मंत्री

सोनम वांगचुक का अनशन समाप्त कराने की प्रक्रिया में केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व की सीधी भूमिका रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल में वांगचुक से मुलाकात करने से ठीक पहले गृह मंत्री अमित शाह से विस्तृत चर्चा की थी। इसके बाद देर रात दोनों मंत्री अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से सामने आए वीडियो में दोनों केंद्रीय मंत्री सोनम वांगचुक को कप से जूस का पहला घूंट पिलाते नजर आ रहे हैं।


28 जून से शुरू हुआ था अनशन

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक ने देश में लगातार सामने आ रहे NEET पेपर लीक के मामलों में जवाबदेही तय करने, देश की शिक्षा व्यवस्था में कड़े सुधार करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग को लेकर 28 जून को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। अनशन के दौरान उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ने लगा था। 21 जुलाई को उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था, जहाँ स्वास्थ्य में सुधार के बाद अब अनशन समाप्त हुआ है।


मेदांता से पहले जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के साथ थे वांगचुक

अस्पताल में भर्ती होने से पूर्व सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ मिलकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। नीट पेपर लीक और शिक्षा विभाग में व्याप्त धांधली के खिलाफ जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले चल रहे इस सत्याग्रह का शुक्रवार को 35वां दिन है। प्रदर्शनकारी लगातार सरकार से इस मामले में ठोस जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े हुए हैं।


CJP ने आज देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का किया ऐलान

नीट पेपर लीक प्रकरण में केंद्रीय स्तर पर कोई बड़ा फैसला न होने से नाराज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने आंदोलन को और तेज करने की रणनीति बनाई है। पार्टी ने शुक्रवार को अपनी मांगों के समर्थन में देशभर में जिला व राज्य स्तर पर वृहद शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान किया है। CJP का कहना है कि सोनम वांगचुक का अनशन भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन छात्रों के हक और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए उनका यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं।