मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में जल्दी अमीर बनने का सपना एक महिला के लिए लाखों की ठगी में बदल गया। घर में दबे खजाने और सोने की ईंटों का लालच देकर एक शातिर ठग ने महिला से करीब 13 लाख 80 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का ढोंग रचकर महिला का विश्वास जीता और कथित सोने के बिस्किट देकर उसे करोड़पति बनने के सपने दिखाता रहा।
जानकारी के अनुसार मामला मंदसौर शहर के जगतपुरा क्षेत्र का है। यहां रहने वाली महिला की करीब 4 से 5 साल पहले भूरू उर्फ भूरे खां नामक व्यक्ति से पहचान हुई थी। आरोपी ने धीरे-धीरे महिला का भरोसा जीत लिया और उसे बताया कि उसे एक पुराने मकान में छिपाकर रखी गई सोने की ईंटें मिली हैं। उसने दावा किया कि यह चोरी का माल है, इसलिए इसे बाजार से कम कीमत पर बेचना चाहता है।
शुरुआत में महिला ने आरोपी की बातों पर भरोसा नहीं किया, लेकिन आरोपी लगातार सोने जैसे दिखने वाले बिस्किट दिखाकर उसे विश्वास दिलाता रहा कि वे असली सोना हैं। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के घर पर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का नाटक भी किया। उसने घर में जादुई तरीके से सोना निकलने का ढोंग रचते हुए महिला को 10 कथित सोने के बिस्किट दिए और कहा कि इन्हें किसी को न दिखाए तथा केवल उसके बताए ज्वेलर को ही बेचे।
लालच और विश्वास के जाल में फंसी महिला आरोपी को अलग-अलग समय पर पैसे देती रही। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2025 तक आरोपी महिला से कुल 13 लाख 80 हजार 790 रुपए ले चुका था। आरोपी हर बार नए बहाने बनाकर महिला को करोड़पति बनने के सपने दिखाता रहा।
कुछ समय बाद आरोपी अचानक गायब हो गया, जिससे महिला को शक हुआ। इसके बाद महिला कथित सोने के बिस्किट लेकर सुनार के पास पहुंची, जहां जांच में पता चला कि वे सोना नहीं बल्कि पीतल के बने हुए थे। सच्चाई सामने आने के बाद महिला ने शहर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी भूरू उर्फ भूरे खां को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की रकम से आरोपी ने मकान बनवाया और ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहा था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।




