भोपाल, जीतेन्द्र यादव। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी जनआक्रोश फूट पड़ा है।
'मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट' के बैनर तले प्रदेशभर से आए हजारों छात्र और युवा नीलम पार्क में बड़े प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए हैं। प्रदर्शनकारी युवा दिल्ली में हुए लाठीचार्ज, देश में बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में जारी भ्रष्टाचार, मध्य प्रदेश के चर्चित नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े और करीब 94 हजार सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के फैसलों का कड़ा विरोध कर रहे हैं। युवाओं ने राज्य के सभी सरकारी विभागों में खाली पड़े लाखों पदों पर तत्काल पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने नीलम पार्क और आसपास के इलाकों में भारी बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी है।




