उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहिला पुल के टर्निंग पॉइंट पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बस और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। हादसे में पिकअप चालक सहित तीनों सवारों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन पाली से नौरोजाबाद की ओर जा रहा था, जबकि यात्री बस नौरोजाबाद से पाली की दिशा में आ रही थी। जोहिला पुल के टर्निंग पॉइंट पर दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और टर्निंग पॉइंट पर वाहन नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर जोहिला पुल के टर्निंग पॉइंट पर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस संवेदनशील स्थान पर चेतावनी संकेत, स्पीड कंट्रोल के उपाय और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।




