भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग को निशाने पर लेते हुए उन पर गंभीर भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'हनुमान चालीसा' वाले ट्वीट पर विश्वास सारंग की प्रतिक्रिया को 'निंदनीय और दोहरा चरित्र' करार देते हुए मनोज यादव ने कई पुराने और नए विवादों की फाइलें खोल दी हैं।


सपा अध्यक्ष मनोज यादव ने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि ड्रग तस्करी, ब्लैकमेलिंग और अवैध कब्जों के आरोपी शारिक मछली के साथ मंत्री के क्या संबंध हैं? उन्होंने दावा किया कि कई तस्वीरों और वीडियो में शारिक मछली, विश्वास सारंग के साथ साये की तरह नजर आता है। प्रशासन की जांच में 200 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा होने के बावजूद, सपा का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण के कारण ही ऐसा अपराधी शहर में बेखौफ घूमता रहा। जंगलों के बीच बने आलीशान फार्म हाउसों में होने वाले शोषण के मामलों में भी सपा ने मंत्री की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।


हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए मनोज यादव ने कहा कि भोपाल में भाजपा नेताओं के संरक्षण में 'सरकारी कत्लखाना' चलता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ हत्या के मुख्य आरोपी असलम कुरैशी को सरकार चार महीने भी जेल में नहीं रख पाई और उसे आसानी से जमानत मिल गई। सपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जिनके शासन में हजारों गौ माताओं को काटा गया, वे दूसरों को सनातन और हिंदुत्व का सर्टिफिकेट न बांटें। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अयोध्या की जनता ने चुनाव में भाजपा को हराकर उनका 'अहंकार' तोड़ा है।


नर्सिंग और अपेक्स बैंक घोटाले के भी लगे आरोप

मनोज यादव ने मंत्री विश्वास सारंग पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि नर्सिंग कॉलेज घोटाले में फर्जी कॉलेजों को मान्यता देने और सीबीआई जांच को प्रभावित करने में उनकी मुख्य भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के संरक्षण में ही करोड़ों की रिश्वतखोरी हुई और दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा, अपेक्स बैंक भर्ती घोटाले और अन्य भ्रष्टाचार के मामलों में भी मंत्री के नाम की चर्चा को लेकर सपा ने उन्हें 'घोटालेबाज' करार दिया।


विश्वास सारंग द्वारा समाजवादियों पर 'रामभक्तों पर गोली चलवाने' के पुराने आरोप पर पलटवार करते हुए सपा ने कहा कि आज जिस राम मंदिर निर्माण समिति की भाजपा बात करती है, उसके अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा वही व्यक्ति हैं जो मुलायम सिंह यादव की सरकार में मुख्य सचिव थे। सपा का तर्क है कि भाजपा केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रही है क्योंकि उनके पास शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ भी नहीं है।


समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने स्पष्ट किया कि भोपाल की जनता अब भाजपा नेताओं के इस दोहरे चेहरे को पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जांच और जनता के बीच मौजूद साक्ष्य यह बताने के लिए काफी हैं कि अपराध और भ्रष्टाचार को किसका संरक्षण प्राप्त है। सपा ने मांग की है कि इन सभी घोटालों और आपराधिक सांठगांठ की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि प्रदेश की जनता के सामने सच आ सके।