धनबाद, 11 मई । झारखंड के धनबाद जिले में व्याप्त भीषण पेयजल संकट के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जिला समाहरणालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर और ग्रामीण इकाई की ओर से आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से मटके फोड़कर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि बराकर और दामोदर जैसी बड़ी नदियों से घिरे होने के बावजूद धनबाद की जनता का पानी के लिए तरसना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मरांडी ने कहा कि केंद्र सरकार 'नल-जल योजना' के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए पर्याप्त फंड भी दे रही है, लेकिन झारखंड सरकार इस योजना में भी भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और सरकारी उदासीनता के कारण आज जिले के कई क्षेत्रों में लोग डोभा, चुआं और नालों का प्रदूषित पानी पीने को विवश हैं।
मरांडी ने याद दिलाया कि झारखंड गठन के बाद भाजपा सरकार ने मैथन डैम से धनबाद तक पानी लाने का ऐतिहासिक कार्य किया था, लेकिन वर्तमान सरकार की कुंभकर्णी नींद ने स्थिति को बदतर बना दिया है।
इस विरोध प्रदर्शन में नवनिर्वाचित सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक रागिनी सिंह और बाघमारा विधायक शत्रुघन महतो समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जिले में जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है और चापानल सूख चुके हैं, फिर भी प्रशासन और विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री तारा देवी, महानगर अध्यक्ष श्रवण राय और ग्रामीण अध्यक्ष मोहन कुंभकार सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

