अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल । सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को मैहर जिले के अमरपाटन में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नवयुवकों ने प्रदर्शन किया। रामनगर रोड चौराहे पर स्थित संदीपनी विद्यालय के सामने बड़ी संख्या में एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया।
करीब दो घंटे तक चले शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर अपनी बात रखते रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनकी आवाज सुनने की अपील की। प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की निगरानी भी बनी रही।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अमरपाटन तहसीलदार आर.डी. साकेत को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए अपनी बात केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय नवयुवकों की भी सहभागिता रही।




