छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी के महज नौ महीने बाद 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुबूही खातून पुत्री मोहम्मद इलयास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बड़ी कुंजरेटी की निवासी थी और विवाह के बाद हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में रह रही थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार सुबूही की शादी 12 अक्टूबर 2025 को टीकमगढ़ में आयोजित विवाह सम्मेलन के माध्यम से फिरोज खान से हुई थी, जबकि निकाह छतरपुर में संपन्न हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति फिरोज खान, सास नजमा, ननद शायमा और जेठ मौसिम द्वारा एक लाख रुपये की दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।
मृतका के परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे भी सुबूही के साथ मारपीट की गई। इसके बाद शाम करीब 5:50 बजे उसकी बड़ी बहन रुक्सार को फोन पर सूचना दी गई कि सुबूही ने फांसी लगा ली है और उसका शव घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा करते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया। आरोप है कि हंगामे के दौरान ससुराल पक्ष के लोग शव को छोड़कर वहां से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मायके पक्ष ने दोषियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




