पटना। बिहार की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब तेज प्रताप यादव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच हुई वीडियो कॉल का एक क्लिप सामने आया। वीडियो में तेज प्रताप यादव, धीरेंद्र शास्त्री से अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक और धार्मिक दोनों हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।


vcofbageshwarpratatez


वीडियो में तेज प्रताप कहते सुनाई देते हैं—“बाबा, मेरा राजनीतिक भविष्य देख लीजिएगा।” इस पर धीरेंद्र शास्त्री जवाब देते हैं कि “जब आप यहां आएंगे, तब बैठकर विस्तार से बात करेंगे।” दोनों के बीच आगे मुलाकात की सहमति भी बनती दिख रही है। यह घटनाक्रम इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि तेज प्रताप यादव पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ खुलकर बयानबाजी कर चुके हैं। वर्ष 2023 में पटना में कथा आयोजन को लेकर उन्होंने कड़ा विरोध जताया था और उन्हें लेकर तीखे शब्दों का इस्तेमाल भी किया था।


उस समय तेज प्रताप ने कहा था कि बिहार गांधी और बुद्ध की धरती है और यहां सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की तुलना अन्य विवादित धार्मिक गुरुओं से भी की थी और विरोध में एयरपोर्ट घेराव तक की चेतावनी दी थी। अब दोनों के बीच हुई यह बातचीत सियासी समीकरणों में बदलाव या सॉफ्ट रुख के संकेत के तौर पर देखी जा रही है। हालांकि, इस वीडियो कॉल को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।